30 नवम्बर तक खुद दर्ज करें परिवार की जानकारी, स्व-गणना के लिये प्रशासन की अपील
एडीएम बोलीं- सटीक आंकड़े ही बनायेंगे बेहतर विकास की राह
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। जनगणना को त्रुटिरहित और सरल बनाने के लिए प्रशासन ने स्व-गणना अभियान तेज कर दिया है। जिला गणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा ने जनपदवासियों से 30 नवंबर 2026 तक स्वयं और परिवार के सभी सदस्यों की स्व-गणना पूरी करने की अपील की है। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित जागरूकता बैठक में उन्होंने कहा कि स्व-गणना केवल जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी है। इससे नागरिक अपनी सुविधानुसार सही और सटीक जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 30 नवंबर के बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और परिवार की सही जानकारी दर्ज कराने की अपील की। बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं और अपने परिवार की स्व-गणना पूरी करने के साथ आमजन को भी जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर सौरभ श्रीवास्तव, आकाश रंजन, प्रमोद कुमार, प्रीति वर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











