जौनपुर पुलिस विभाग में मचा हड़कम्प: 47 सिपाही लाइन हाजिर
चर्चा: रिश्वत-वसूली की शिकायतों पर बड़ी कार्यवाही
गोपनीय जांच के बाद एसपी ने लिया एक्शन

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। लखनऊ लूटकांड में पुलिसकर्मी की संलिप्तता उजागर होने के बाद जौनपुर पुलिस महकमे में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। रिश्वतखोरी और वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जिले के विभिन्न थानों में तैनात 47 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी की ओर से कराई गई गोपनीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिश्वत लेने और वसूली से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को लेकर एसपी ने गोपनीय जांच कराई। जांच के बाद 47 सिपाहियों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वसूली और रिश्वतखोरी में संलिप्त थे। ऐसी शिकायतों से पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने की बात सामने आई थी। हालांकि लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतों की प्रकृति और जांच के निष्कर्षों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जायेंगे।







