परिषदीय विद्यालयों बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में मड़ियाहूं बना चैम्पियन एवं शाहगंज उप विजेता
जिलास्तरीय खेलकूद में बच्चों ने हुनर व जज्बा दिखा जीती प्रतियोगिता
जनपदीय खेलों में बच्चों ने दिखायी प्रतिभा, जीते पुरस्कार

जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत परिषदीय विद्यालयों की दो दिवसीय 48वीं जिलास्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चो ने अपना हुनर व जज़्बा दिखाया और प्रतियोगिता जीती। बीआरपी इन्टर कालेज के मैदान पर शुक्रवार को दूसरे दिन समापन समारोह बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी उपस्थित रहीं जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र व ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मुख्य व विशिष्ट अतिथि को पुष्प गुच्छ भेंट करके अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जनपद के सभी विकास खण्डों से चयनित बालक-बालिका खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक सहित विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखाया। साथ ही लोक गीत, लोक नृत्य, समूह गान व नाटक सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी।
ओवर आल चैम्पियनशिप में 261 अंक प्राप्त कर तहसील मड़ियाहूं चैम्पियन बना, 144 अंक लेकर शाहगंज उप विजेता रहा। 88 अंक प्राप्त कर सदर तीसरे स्थान, 84 अंक प्राप्त कर मछलीशहर चौथे स्थान पर, 63 अंक लेकर केराकत पांचवें स्थान व 26 अंक प्राप्त कर बदलापुर छठवें स्थान पर रहा। अतिथियों ने विजयी प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर सीमा दि्वेदी ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में अपार प्रतिभा है, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि प्रबंधक बीआरपी इन्टर कालेज हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और पूरी आयोजन समिति को बधाई दी। इस दौरान कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अन्त में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सफल आयोजन के लिए समस्त समितियो सहित सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन नूपुर श्रीवास्तव एवं शैलेश चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा जितेन्द्र उपाध्याय, खण्ड शिक्षा अधिकारी बसन्त शुक्ल, डीसी विशाल उपाध्याय, डीसी एमडीएम अरुण मौर्य सहित समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, अमित सिंह, अितुल प्रकाश यादव, विभिन्न प्राथमिक शिक्षक संघों के जिलाध्यक्ष सहित जिला व ब्लाक स्तर के पदाधिकारी, एसआरजी, एआरपी, जिला व्यायाम शिक्षक रवि चन्द्र यादव व राकेश यादव, प्रियंका सिंह, विन्ध्वासनी उपाध्याय, राजू सिंह, मो. मुस्तफा, डा संतोष तिवारी, शिवाकांत तिवारी सहित शिक्षक छात्र—छात्राएं उपस्थित रहे। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जनपदस्तरीय विजेता टीमों का चयन भी किया गया जो अब मंडल स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।







