जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में ईसीसीई रिसोर्स सेंटर का हुआ उद्घाटन
पत्रिका का किया गया विमोचन
जौनपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में स्थापित ईसीसीई रिसोर्स सेंटर (बालवाटिका) का उद्घाटन जिला कार्यक्रम अधिकारी अजित सिंह एवं उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट डा. विनोद शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर बाल वाटिका पत्रिका नवांकुर का विमोचन भी किया गया। उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य ने बताया कि NEP—2020 की अनुशंसाओं में वाल वाटिका को बहुत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस रिसोर्स सेंटर की स्थापना से प्रारंभिक बाल्यावस्था की शिक्षा को एक नई दिशा मिलेगी और बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत करने में बहुत सहायक होगा। यह बच्चों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण अवस्था है, इसलिए इसकी शिक्षा व्यवस्था उत्तम होनी चाहिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजित सिंह ने बताया कि 6 वर्ष तक बच्चों के मस्तिष्क का 80-90 प्रतिशत तक विकास हो जाता है, इसलिए यह अवस्था बहुत महत्वपूर्ण होती है इसमें बच्चों की देखभाल के साथ शिक्षा को मजबूत करने में यह रिसोर्स सेंटर बहुत सहायक होगा। डायट जौनपुर द्वारा यह सराहनीय कार्य किया गया है इससे बहुत से नौनिहालों को लाभ मिलेगा। इस रिसोर्स सेंटर को और सुदृढ़ करने के हम लोग हमेशा सहयोग करेंगे और इसे आगे बढ़ायेंगे।
इस अवसर पर ईसीसीई रिसोर्स सेंटर के नोडल प्रवक्ता अमित कुमार, संस्थान के प्रवक्तागण वरुण यादव, डॉ किरन त्रिपाठी, राजकुमार, नवीन सिंह, रणधीर दत्त रंजन, कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र मौर्य, कार्यालय सहायक दुर्गा शंकर राय, अभिषेक यादव, आँगनवाड़ी कार्यकत्री डीएलएड प्रशिक्षु, छोटे बच्चे आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने किया।











