मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुआ भव्य सामूहिक विवाह
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह हुआ। समारोह में जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय निकाय से आए कुल 191 जोड़ों का विवाह परंपरागत रीति-रिवाजों एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ सकुशल सम्पन्न हुआ। इनमें 168 जोड़ों का विवाह हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार तथा 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न कराया गया। हर्षोल्लास एवं मंगलमय वातावरण के बीच नवविवाहित जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना करते हुये प्रदेश सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना किया। सामूहिक विवाह समारोह में विकास खंड पचपेड़वा के 47 जोड़े, हरैया के 45 जोड़े, रेहरा बाजार के 36 जोड़े, गैंसड़ी के 27 जोड़े, श्रीदत्तगंज के 17 जोड़े, उतरौला के 13 जोड़े तथा नगर पालिका क्षेत्र के 06 जोड़े सहित कुल 191 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की धनराशि व्यय किए जाने का प्रावधान है जिसमें 64 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किए जाने, 21 हजार रुपये की गृहस्थी एवं वैवाहिक उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाने का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत सभी वर्गों एवं समुदायों के पात्र परिवारों की बेटियों का विवाह उनके धार्मिक एवं सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुरूप सम्पन्न कराया जाता है। योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु पात्र लाभार्थी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को विवाह के आर्थिक बोझ से राहत प्रदान करने के साथ ही सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सामूहिक विवाह समारोह में विवाह की विभिन्न रस्में पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुईं।
नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक उपहार सामग्री एवं विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। एक ही परिसर में 191 जोड़ों के विवाह से उत्सव का माहौल रहा। प्रदेश सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना से 191 परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जुड़ा। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।











