विधानसभा मल्हनी के कोटेदारों संग एसडीएम ने की बैठक

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से प्रेक्षागृह में उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह ने विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के कोटेदारों के साथ बैठक किया।
इस मौके पर उन्होंने सभी कोटेदारों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों एवं फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया। साथ ही निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में ऐसे युवक-युवतियों को चिह्नित करें, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं अथवा निर्धारित अर्हता के अनुसार मतदाता बनने के पात्र हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कोटेदार आमजन से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए वे अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूक करें तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में भी सहयोग प्रदान करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में दो बार दर्ज न हो और डुप्लीकेट प्रविष्टियों अथवा अन्य त्रुटियों को नियमानुसार ठीक कराया जा सके।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। अतः सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।
इस दौरान जनगणना-2027 के संबंध में भी कोटेदारों को जानकारी दी गई। उन्हें जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की अपील की गई। साथ ही मोबाइल ऐप के माध्यम से स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं विधानसभा मल्हनी क्षेत्र के कोटेदार उपस्थित रहे।







