अजय जायसवाल
प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा के अकारीपुर गांव में 10 सितम्बर की रात रिटायर रोडवेज बस चालक की गोली मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उसकी हत्या गांव के ही युवक ने पत्नी की दहेज हत्या में सजा मिलने के कारण कराई थी। रोडवेज चालक ने अपनी अगुवाई में उसकी शादी कराई थी। आसपुर देवसरा के अकारीपुर निवासी रिटायर रोडवेज बस चालक श्याम शंकर तिवारी (64) घर से 200 मीटर दूर मंदिर से रात साढ़े 9 बजे खाना खाने घर आ रहे थे। तभी तीन युवक बाइक से पहुंचे और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। बड़े बेटे शुभम कुमार तिवारी उर्फ लल्ला ने एक आरोपित आसपुर देवसरा के ही धौरहरा निवासी दुर्गेश पांडेय को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खोखे के साथ 9-एमएम की जिन्दा बुलेट भी बरामद किया। नामजद आरोपित दुर्गेश पांडेय पुलिस के हाथ नहीं आया। हालांकि इस दौरान जांच कर रही पुलिस हत्या की तह तक पहुंच गई। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि श्याम शंकर ने जौनपुर के अपने रिश्तेदार की बेटी रूपम की शादी पड़ोस के दीपक तिवारी से कराई थी। रूपम की दहेज के लिए हत्या कर दी गई तो श्याम शंकर ने मायके पक्ष के लोगों के साथ मुकदमे की पैरवी भी की। मामले में दीपक उसके भाई और मां को 7-7 साल के जेल की सजा हुई तो वह श्याम शंकर की जान के पीछे पड़ गया। उसने जेल में रहने के दौरान दोस्त बने आसपुर देवसरा के ही धौरहरा निवासी दुर्गेश पांडेय, गोविंदपुर के दिग्विजय सिंह भोलू, विक्रम पट्टी के नंदन सिंह से सहयोग लिया। इन तीनों ने 10 सितंबर की रात श्याम शंकर की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि प्रकाश में आए आरोपित दिग्विजय सिंह भोलू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।