भिवंडी में नकली पुलिस अधिकारियों का गिरोह हुआ बेनकाब
व्यापारी से 2 लाख की रंगदारी वसूलने वाले 5 ठग गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी तालुका पुलिस ने पुलिस अधिकारी और कॉपीराइट विभाग का कर्मचारी बनकर व्यापारियों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोनाले स्थित कामधेनु घी कंपनी के मालिक मुकेश पटेल को नकली घी बनाने के आरोप में गिरफ्तार कराने तथा कंपनी की प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी देकर कथित तौर पर दो लाख रुपये की रंगदारी वसूली थी। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने स्वयं को पुलिस एवं कॉपीराइट अधिकारी बताकर व्यापारी पर दबाव बनाया और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाया भयभीत व्यापारी ने आरोपियों को दो लाख रुपये दे दिए। हालांकि बाद में धोखाधड़ी का संदेह होने पर उन्होंने भिवंडी तालुका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे के मार्गदर्शन में पुलिस ने जाल बिछाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुमार तायडे, दिनेश निकम मंगेश देवधरकर, सुरेश चौगुले और सोनू सिंह के रूप में हुई है। गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही गिरोह के अन्य आपराधिक कारनामों और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से पुलिस की आड़ में व्यापारियों को धमकाकर अवैध वसूली करने वाले तत्वों में हड़कंप मचा है।











