जेठानी पर चाकू एवं खुरपे से हमला करने वाला गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर टोला भंडारो में महिला और उसकी जेठानी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दोनों महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने के बाद लाठी-डंडे, खुरपे और चाकू से हमला किया था। घटना में जेठानी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आकाश पुत्र स्वर्गीय इंद्रजीत निवासी परमेश्वरपुर टोला भंडारो के रूप में हुई है। 30 अक्टूबर को आकाश ने वादिनी और उसकी जेठानी के साथ विवाद के दौरान गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की नियत से दोनों पर लाठी-डंडे, खुरपे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में वादिनी की जेठानी को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर चिलुआताल थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार करलिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चिलुआताल थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2026 में दर्ज मुकदमा संख्या 607/2026 में उसके खिलाफ मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई थी। वहीं ताजा मामले में मुकदमा संख्या 774/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) में कार्रवाई की जा रही है।











