मुस्लिम डाक्टरों ने निःशुल्क शिविर लगाकर दवाओं का किया वितरण
अनिल कश्यप
हापुड़। वीर अब्दुल हमीद सोसाइटी के तत्वधान में महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए चल रहे शिव भक्तों के लिए एक निशुल्क चिकित्सा कैंप का मुस्लिम डाक्टरों द्वारा आयोजित किया गया। कैंप के दौरान संस्था के मुस्लिम डाक्टर सड़कों पर उतर कर शिव भक्तों से किसी भी प्रकार की बीमारी या परेशानी होने की स्थिति में उपचार के लिए गुहार लगाते हुए दिखाई पड़े। बता दें कि डा. सद्दाम द्वारा समय-समय पर हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल कायम करते हुए अपनी सेवा लगातार दी जा रही है।
गत वर्षों में डा. सद्दाम द्वारा बाबूगढ़ के ग्राम छपकौली में स्थित महादेव मंदिर पर लगातार सेवा भाव से अपनी सेवाएं देते हुए कार्य किया जाता रहा है। सोमवार को हापुड़ नगर के बुलंदशहर रोड पर मुस्लिम समाज के डाक्टरों द्वारा शिव भक्तों की सेवा जहां कांवड़ यात्रा के दौरान कांवरियों में चर्चा का विषय बनते हुए हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल कायम करती दिखाई दी तो वही क्षेत्र में भी हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश देते हुए दिखाई पड़ी। संवाददाता से बात करते हुए डा. सद्दाम ने कहा कि भारतवर्ष की सदैव परंपरा रही है कि यहां हर सुख दुख में हिंदू-मुस्लिम एक साथ होकर एक-दूसरे के साथ खड़े हो जैसा सदियों से चला आ रहा है।
हमारे हिंदू भाई सदैव उनके प्रत्येक पर्व पर उनके साथ खड़े होते हैं। आज जब हमारे हिंदू भाई सड़कों पर पैदल सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए चल रहे हैं तो उनका भी फर्ज बनता है कि वह उनकी हर परेशानी में उनके साथ खड़े हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने तो शिवभक्तों की छोटी सी सेवा करने का संकल्प लिया है और वह प्रयासरत हैं कि शिवभक्तों को वह अपनी सेवा देते हुए पैदल मार्ग पर चलने के दौरान दवाइयों का वितरण करते हुए स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से सुरक्षित रखने में सहयोग प्रदान कर सकें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















