राज्यमंत्री सुनील भराला का संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पर हुआ आगमन
मुकेश तिवारी
झाँसी। श्रम कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त अध्यक्ष सुनील भराला झाँसी के औपचारिक भ्रमण के दौरान संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पहुँचे। संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पर अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी द्वारा राज्यमंत्री का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय भ्रमण के दौरान डॉ. संदीप और राज्यमंत्री भराला के मध्य कई विषयों पर वार्तालाप एवं विचार विमर्श हुआ। डॉ. संदीप ने संघर्ष सेवा समिति के 12 वर्षों का कार्यकाल उनके समक्ष प्रस्तुत किया एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर राज्यमंत्री सुनील भराला ने कहा कि डॉ. संदीप कई वर्षों से समाज सेवा का कार्य करते आ रहे हैं लेकिन गरीब बेटियों के पैर पखाकर उन्हें विदा करना एवं उपहार देना एक अद्भुत कार्य है। भविष्य में उनकी सामूहिक विवाह की महत्वाकांक्षी योजना जिसमें 501 कन्याओं का विवाह आयोजित होने जा रहा है यह देश में एक अतुलनीय उदाहरण की तरह प्रस्तुत होगा। सनातन धर्म में कन्यादान को महादान माना जाता है और इतनी कन्याओं का एक ही परिसर में भव्यता के साथ विवाह होना दैवीय कृपा के समान है। कार्यक्रम में संघर्ष सेवा समिति के सहयोग के लिए मैं तत्पर रहूंगा।
इसके अतिरिक्त श्रमिक और गरीब वर्ग के लिए डॉक्टर संदीप जो आवास योजना तैयार कर रहे हैं वह अवश्य ही विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। मैं डॉ. संदीप और संघर्ष सेवा समिति के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और भविष्य में जब झाँसी आगमन होगा तो अन्य विषयों पर भी अवश्य विस्तार से चर्चा होगी। आगे वार्ता करते हुए डॉ. संदीप सरावगी ने कहा सनातन धर्म में जब भी बहन बेटियों की बात आती है तो हर हाथ सहयोग के लिए तत्पर हो जाता है, चाहे वह सहयोग तन का हो मन का या धन का। यह सनातन धर्म की अद्भुत शक्ति और एकता का ही उदाहरण है कि हमारे संगठन द्वारा आगामी समय में जो सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है उसके लिए जनपद के साथ प्रदेश और देश के ही नहीं विदेशी नागरिक भी सहयोग के लिए तत्पर हैं।
कई अप्रवासी भारतीय और देश के कई समाजसेवी लगातार हमसे संपर्क कर रहे हैं और सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराना चाहते हैं। अधिकांशतः जनश्रुतियों में सुना है कि आप कोई अच्छा कार्य करें तो प्रकृति आपके साथ सहयोग करती है आज यह वक्तव्य मेरे समक्ष घटित हो रहा है अवश्य ही यह माता रानी की कृपा है कि संघर्ष सेवा समिति लंबे समय से सभी कार्य सुचारू रूप से आयोजित कर पा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













