कुपोषित बच्चों की रखी जाये निगरानी: डीएम
डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
दीप सिंह/आशीष पचौरी
कन्नौज। कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गुगरापुर, हसेरन, एमओवाईसी दस्तक अभियान की प्रगति पर विशेष ध्यान दें तथा कुपोषित बच्चों की निगरानी रखी जाये। उन्होंने गुगरापुर, हसेरन, जलालाबाद में संचारी रोग अभियान के अन्तर्गत कार्य में बरती जा रही शिथिलता पर प्रगति लाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण के अन्तर्गत कृषि विभाग कन्नौज सिटी, जलालाबाद, गुगरापुर में माइक्रो प्लान पर विशेष ध्यान देकर कार्य में गति लाये। कहा कि आई फ्लू ट्रेन्ड में है इसके रोकथाम हेतु व्यापक रणनीति के साथ ही जागरूकता के कार्यक्रम किये जायें। फाइलेरिया की दवाई 10 से 28 अगस्त तक खिलाई जायेगी। गांव में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अपने हाथों से फाइलेरिया की दवाई खिलायेगी। इसके साथ ही मदरसों में भी खिलाई जायेगी फाइलेरिया की दवा।डी एम ने नगर निकायों को निर्देश दिये कि संचारी रोग नियंत्रण के अन्तर्गत साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था होनी चाहिये। दूषित जल की वजह से बीमारियां अधिक फैलती है। इसलिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत पानी की टँकी की सफाई एवं नाले, नालियों की सफाई अभियान चलाकर कराई जाए। बिल्चिंग पाऊडर आदि का छिड़काव अभियान चलाकर कराया जाए। सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में कचड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता के कार्यक्रम तथा बड़े नालों की साफ-सफाई बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर कराई जाए। जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होने कहा कि डेंगू से बचने के लिये गमलों, कूलर, रखे हुए टायर में पानी भर जाए, तो उसे तुरंत निकाल लें। पानी की टंकियों को खुला न छोड़े, अच्छी तरह ढककर रखें। इसके लिये जागरुकता कार्यक्रम चलाये जायें। कहा कि संक्रामक रोगों के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आदि संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










