जिला कारागार में बंदी की मृत्यु की मजिस्ट्रियल जांच शुरू
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, जालौन। उरई जिला कारागार में निरुद्ध दोषसिद्ध बंदी प्रेम किशोर उर्फ कल्लू (पुत्र स्व. किशुन प्रसाद, निवासी ग्राम चांदनी, थाना कोतवाली कोंच) की 30 जून 2025 को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण की गहन जांच के लिए जिलाधिकारी जालौन ने नगर मजिस्ट्रेट, उरई को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी के आदेश संख्या 619/18-जे.ए. (मजिस्ट्रेट जांच), दिनांक 16 जुलाई 2025 के तहत शुरू की गई मजिस्ट्रियल जांच की प्रक्रिया नगर मजिस्ट्रेट ने प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में जनसामान्य से अपील की गई है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ा कोई मौखिक या दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध है, तो वे 31 जुलाई 2025 तक किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे के बीच नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय, उरई में उपस्थित होकर अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। नगर मजिस्ट्रेट ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से पूरा करने के लिए सभी संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र किया जाएगा। इस प्रकरण में जांच के निष्कर्षों पर प्रशासन और जनता की नजरें टिकी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














