18 वर्ष पूरे करने वाले युवा एवं छूटे लोगों को मतदाता बनने के लिये किया गया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2027 के अन्तर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में चल रही स्वीप गतिविधियों की कड़ी में हरगोविंद इण्टर कालेज और राजकीय बालिका इंटर कालेज जफराबाद में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से उन युवाओं को जागरूक किया गया जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं तथा जो पात्र होने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम नहीं जुड़वा पाये हैं।
जिला स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने मतदाता बनने की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि पात्र युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए आयु प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। साथ ही ऐप व पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे आवेदन किया जा सकता है। स्वीप कोआर्डिनेटर ने कहा कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी पात्र युवा, विशेषकर युवा और महिला मतदाता अपना नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं“ के संकल्प को पूरा किया जा सके।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील किया कि वे स्वयं मतदाता बनें और अपने परिवार, मोहल्ले व गांव में छूटे पात्र लोगों को भी मतदाता बनने के लिये प्रेरित करें। 28 व 29 नवम्बर को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ बैठेंगे। जिनके माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर जिम्मेदार मतदाता बनने की शपथ लिया।
इस अवसर पर हरगोविंद इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ संजीव सिंह, जीजीआईसी प्रधानाचार्य प्रतिमा यादव, ईएलसी नोडल सै. अब्बास हैदर, डा. रोली सिन्हा, अजय कुमार, डॉ रिचा त्रिपाठी, सीमा मिश्रा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।











