जनगणना-2027 जौनपुर में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम व द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जनपद में 5 से 10 अक्टूबर समय प्रातः 9 बजे से सायंकाल 6 बजे तक के लिये जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशों के अनुपालन में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का सुचारू रूप से संचालन किये जाने हेतु प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलाजी में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन० ने किया।
इस दौरान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका, निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं के संकलन, परिवार एवं आवास संबंधी विवरणों के सत्यापन तथा जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की रूप—रेखा तैयार की जाती है। इसलिए जनगणना कार्य के प्रत्येक स्तर पर शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना में पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों की बारीकियों, उनके उद्देश्य, सही तरीके से जानकारी दर्ज करने और मोबाइल ऐप के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रतिभागियों को उदाहरणों के माध्यम से प्रक्रिया समझाने के साथ ऐप पर स्वयं अभ्यास भी कराना प्रस्तावित है, ताकि वे फील्ड में आने वाली परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जनपद के मास्टर ट्रेनर्स अजय मौर्या, उमेश मिश्रा, कमलेश यादव और आशुतोष शर्मा ने फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना का कार्य सटीक जानकारी के संकलन और निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर आधारित होता है, इसलिये फील्ड ट्रेनर्स के लिये प्रश्नों की स्पष्ट समझ, सही अभिलेखन और तकनीकी उपकरणों का उचित उपयोग जानना जरूरी है।
प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिये कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गम्भीरता से समझें और आगे संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी इसे सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझायें। साथ ही कहा कि जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या शंका उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाय।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, जनगणना से सम्बंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











