JAUNPUR NEWS : 36 घण्टे बाद भी हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
युवती का सिर कूचकर हत्या के आरोप में आशिक व उसके दोस्त पर केस दर्ज
बृजेश यादव
खुटहन, जौनपुर। जमोहरा गांव में शुक्रवार की सुबह युवती का सिर कूंचकर की गई नृशंस हत्या के मामले में घटना को 36 घण्टे से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी। जबकि मृत युवती के पिता द्वारा दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने हत्योरोपितों पर मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। फिलहाल आरोपितों को बहुत जल्द पकड़ लेने का दावा पुलिस कर रही है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी फूलचंद उर्फ घुरई की 22 वर्षीय पुत्री सुनीली की लाश घर से लगभग दो सौ मीटर दूर एक ट्यूबवेल पर पायी गई थी। उसके सिर और माथे पर किसी ठोस पदार्थ से हमला किया गया था। घटनास्थल पर पहुंची उसकी माता हीरावती ने रोते बिलखते समय ही हत्या का आरोप अपने सगे भाई के पुत्र सरपतहा थाना क्षेत्र के एकडला गांव निवासी प्रदीप कुमार पर लगा दिया था। आरोप था कि वह मेरी बेटी से शादी करना चाहता था। रिश्ते में चचेरे भाई बहन होने के नाते हम लोगों को रिश्ता मंजूर नहीं था जिससे नाराज प्रदीप ने मेरी बेटी को रात में ट्यूबवेल पर धोखे से बुलाकर हत्या कर दी। मृतका के पिता की तहरीर पर शुक्रवार की देर रात प्रदीप कुमार और दरना गांव निवासी उसके दोस्त सुनील कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया। आरोपितों की तलाश में पुलिस जगह जगह दबिश देती रही लेकिन किसी एक को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










