अवैध डग्गामारी से रोडवेज को लग रही राजस्व की चपत, यूनियन ने सौंपा ज्ञापन
टूरिस्ट परमिट की आड़ में प्रमुख मार्गों पर चल रहीं टैक्सी
संविदा कर्मियों के नियमितीकरण समेत कई मांगें उठायीं
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर में अवैध टैक्सी और बसों के संचालन से परिवहन निगम को हो रहे राजस्व नुकसान का मुद्दा उठाते हुए यू.पी. रोडवेज एम्पलाइज़ यूनियन ने आवाज बुलंद की है। शाहगंज डिपो के कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को मुख्यमंत्री एवं शासन के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर अवैध वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग किया। यूनियन का आरोप है कि शाहगंज से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और आजमगढ़ मार्ग पर इंडिका, टवेरा समेत अन्य बड़ी गाड़ियां टूरिस्ट परमिट की आड़ में अवैध रूप से सवारियां ढो रही हैं। इससे रोडवेज बसों को यात्रियों की कमी और निगम को प्रतिदिन राजस्व की क्षति उठानी पड़ रही है। ज्ञापन में संविदा चालकों-परिचालकों को नियमित करने, मृतक आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति देने, बसों के रखरखाव के लिए कार्यशालाओं को आधुनिक बनाने आदि की समस्याओं का समाधान कराने की मांग भी की गई। इस दौरान त्रिभुवन नरायन सिंह, अशोक सिंह, राजनाथ यादव, बृजेश कुमार समेत कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











