भारत में नेपाली यात्रियों से खुलेआम ठगी का आरोप
फर्जी टिकट थमाकर ढाबों पर छोड़ रहे दलाल, रोजाना शिकार हो रहे यात्री
तेजस टूडे ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी के रिश्तों के बावजूद पलिया क्षेत्र में नेपाली यात्रियों के साथ कथित लूटखसोट और धोखाधड़ी का मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पलिया-भीरा मार्ग और दुधवा रोड पर संचालित कुछ ढाबों पर नेपाली यात्रियों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि ठंड के मौसम में खुले ढाबों पर यात्रियों को घंटों बैठकर बस का इंतजार करना पड़ता है।
आरोप है कि डग्गामार बसों के दलालों का एक गिरोह नेपाल से आने वाले यात्रियों को विभिन्न राज्यों तक पहुंचाने का भरोसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता है। यात्रियों को फर्जी टिकट थमाकर किसी अज्ञात वाहन से रास्ते में स्थित ढाबों पर पहुंचा दिया जाता है। इसके बाद बस आने का हवाला देकर दलाल पैसे लेकर वहां से रफूचक्कर हो जाते हैं।
यात्री जब घंटों इंतजार करने के बाद बस के बारे में जानकारी करते हैं तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई यात्री अनजान जगह पर फंसकर परेशान होते हैं। स्थानीय जानकारों का दावा है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि आए दिन कोई न कोई नेपाली यात्री इस तरह की कथित ठगी का शिकार हो रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पलिया-भीरा मार्ग और दुधवा रोड पर यदि इस तरह का खेल लगातार चल रहा है तो संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी आखिर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा?
स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों की मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराने सामाजिक और पारिवारिक संबंध हैं। ऐसे में नेपाली नागरिकों के साथ इस तरह की कथित धोखाधड़ी दोनों देशों के आपसी विश्वास को प्रभावित कर सकती है।
अब सवाल शासन-प्रशासन और परिवहन विभाग से है कि नेपाली यात्रियों को फर्जी टिकट देकर ढाबों पर छोड़ने वाले कथित दलालों के खिलाफ कब अभियान चलाया जाएगा?क्या जिम्मेदार अधिकारी ऐसे ढाबों, वाहनों और टिकटों की जांच कर यात्रियों को इस शोषण से मुक्ति दिलाएंगे या फिर यह खेल इसी तरह चलता रहेगा?











