ईओ एवं बीडीओ ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, व्यवस्था दुरूस्त करने के दिये निर्देश
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सोंधी और अधिशासी अधिकारी खेतासराय ने क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को देखा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, रास्तों को व्यवस्थित रखने तथा प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर वीरेंद्र पाण्डेय, सुरेंद्र पाण्डेय, मनीष गुप्ता, सीताराम दास फलहारी बाबा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।











