मशाल लेकर दौड़ीं छाया अग्रहरि, आराध्या यादव ने खिलाड़ियों को दिलायी शपथ
70वें मण्डलीय युवा क्रीड़ा समारोह में पांच जनपदों के 315 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में शनिवार को 70वें मंडलीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समारोह-2026 का शुभारंभ हुआ। 24 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले समारोह में अयोध्या मंडल के पांच जनपदों के 315 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सांस्कृतिक प्रतिभागियों को शामिल करने पर प्रतिभागियों की संख्या करीब 400 है।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदन के साथ हुआ। संयुक्त शिक्षा निदेशक, अयोध्या योगेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, जीजीआईसी सुलतानपुर की प्रधानाचार्या डॉ. पल्लवी सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र सिंह और जनपदीय क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह का स्वागत बैज, टोपी, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया।
उद्घाटन समारोह में एमजीएस इंटर कॉलेज सुलतानपुर की छात्रा छाया अग्रहरि मशाल लेकर मैदान में दौड़ीं। वहीं श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज की छात्रा आराध्या यादव ने खिलाड़ियों को अनुशासन, निष्पक्षता और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में सुलतानपुर के 79, अमेठी के 60, अंबेडकरनगर के 61, अयोध्या के 55 और बाराबंकी के 60 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन बालक एवं बालिका वर्ग की जूनियर और सीनियर 800 मीटर दौड़ के साथ हैमर थ्रो प्रतियोगिता आयोजित हुई। खिलाड़ियों ने अपनी गति, सहनशक्ति और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रबन्ध निदेशक वेद प्रकाश सिंह, विद्यालय प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अतुल सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से खिलाड़ियों के आवास, भोजन और खेल संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। तीन दिवसीय आयोजन में खेल के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।













