भानु प्रताप बनाये गये ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री
कहा— पत्रकारों के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई मेरी प्राथमिकता
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जौनपुर इकाई में भानु प्रताप सिंह को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गयी। संगठन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मौर्य ने उनके अनुभव, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह मनोनयन किया है। शुक्रवार को खेतासराय स्थित मीडिया कार्यालय में पत्रकारों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामना दिया।
बता दें कि श्री सिंह पिछले करीब 8 वर्षों से संगठन में सक्रिय हैं। उनके जिला महामंत्री बनने पर पत्रकारों ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी। वहीं नवनियुक्त जिला महामंत्री ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता होगी। संगठन के सभी साथियों को साथ लेकर ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने संगठन की मजबूती और पत्रकारों की एकजुटता के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
जिलाध्यक्ष श्री मौर्य ने उम्मीद जताई कि कुंवर भानु प्रताप सिंह अपनी जिम्मेदारी का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए संगठन की गतिविधियों को गति देंगे और ग्रामीण पत्रकारों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभायेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. नीरज सोनी, प्रदीप वर्मा, चन्दन जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार यूसुफ खान, मो. अरशद, अजय श्रीवास्तव, रविंद्र यादव, डॉ. रोहित यादव, राममूरत, विनोद राजभर, सौरभ सिंह, अशहद अंसारी, धर्मेंद्र कुमार, मेवालाल सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।











