HomeTrendingसर्दियों में हादसों का बढ़ता खतरा, समय पर इमरजेंसी उपचार से बच...

सर्दियों में हादसों का बढ़ता खतरा, समय पर इमरजेंसी उपचार से बच सकती है जान

  • सर्दियों में हादसों का बढ़ता खतरा, समय पर इमरजेंसी उपचार से बच सकती है जान

  • मेदांता लखनऊ के विशेषज्ञों ने दी हादसों से बचाव की सलाह

तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। सर्दियों का मौसम गुनगुनी धूप के साथ हादसों का खतरा भी लेकर आता है। घने कोहरे, सड़कों पर नमी और कम दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा घरों में फिसलकर गिरने जैसी घटनाएं भी गंभीर चोटों का कारण बन सकती हैं। ऐसे मामलों में समय पर जांच और उचित उपचार मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सर्दियों में होने वाले हादसों से बचाव और समय पर उपचार के महत्व को लेकर मेदांता अस्पताल, लखनऊ के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा किया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कपूर मेडिकल डायरेक्टर, डॉ. कमलेश सिंह भैसोरा डायरेक्टर न्यूरो सर्जरी, डॉ. रविशंकर डायरेक्टर न्यूरो सर्जरी, डॉ. लोकेन्द्र गुप्ता डायरेक्टर इमरजेंसी एंड ट्रॉमा सेंटर, डॉ. सौरव शुक्ला डायरेक्टर ऑर्थोपेडिक्स, डॉ. सैफ एन शाह डायरेक्टर ऑर्थोपेडिक्स और डॉ. धर्मेंद्र सिंह डायरेक्टर ऑर्थोपेडिक्स मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने बताया कि घने कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों की टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। वहीं सुबह के समय सड़कों पर ओस और नमी के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने की आशंका रहती है। तेज रफ्तार और हेलमेट का उपयोग न करने से सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट लगने का जोखिम बढ़ जाता है।
मेदांता लखनऊ के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि गंभीर चोट के मामलों में शुरुआती जांच और चोट की सही पहचान बेहद जरूरी है। कई बार मरीज बाहरी तौर पर सामान्य दिखाई देता है जबकि उसके पेट, छाती या मस्तिष्क में अंदरूनी रक्तस्राव या रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में मरीज की स्थिति अचानक बिगड़ सकती है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं 2024’ के अनुसार वर्ष 2024 में देशभर में कोहरे और धुंध के दौरान 33,955 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 15,115 लोगों की मौत हुई और 29,827 लोग घायल हुए। वहीं उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024 के दौरान सभी मौसमों में हुई 46,052 सड़क दुर्घटनाओं में 24,118 लोगों की जान गई। विशेषज्ञों के अनुसार किसी गंभीर हादसे के बाद का पहला घंटा, जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है, मरीज की जान बचाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे मामलों में बिना देरी किए मरीज को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है।

 

 

 

 

Must Read