बाल विवाह के खिलाफ बलरामपुर की बेटियों ने सम्भाली कमान
100 बाल विवाह योद्धा तैयार करने का लक्ष्य
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब बलरामपुर की बेटियां जागरूकता और नेतृत्व की नई मिसाल पेश करेंगी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद में 100 दिवसीय बाल विवाह उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले में 100 बाल विवाह योद्धा तैयार किए जाएंगे जो गांवों और ग्राम पंचायतों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में जिला बाल संरक्षण इकाई, रोजा संस्थान एवं मिलान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस इश्तिखार अहमद ने किया जिन्होंने कहा कि एक बाल विवाह रोकना पूरी एक पीढ़ी को बचाने के समान है। बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने भविष्य के फैसले लेने योग्य बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बालिकाओं को कम से कम स्नातक तक शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रोजा संस्थान की 20 बाल विवाह वॉरियर्स को पंचायत स्तर पर बाल विवाह रोकने, समुदाय को जागरूक करने एवं सामाजिक बदलाव में योगदान देने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मिलान संस्था की 20 गर्ल आइकॉन ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में आयोजित संवाद सत्र के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधे सवाल पूछे। उन्होंने उच्च शिक्षा, सरकारी योजनाओं, बाल संरक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और बाल विवाह रोकने के कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी सहायता व्यवस्थाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन, विभागों, सामाजिक संगठनों और समुदाय का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। 100 दिवसीय अभियान के माध्यम से पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की संभावित घटनाओं की समय रहते पहचान कर रोकथाम करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में 40 बालिकाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि बेटियां केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक ही नहीं हो रही हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी बन रही हैं।











