विद्यालयों में आत्मरक्षा का कवच पहनेंगी बालिकाएं
मार्शल आर्ट व ताइक्वांडो में मिलेगा प्रशिक्षण
तेजस टूडे सं.
राहुल तिवारी
अलीगढ़। जिले की बालिकाओं को अब विपरीत परिस्थितियों में आत्मनिर्भर और आत्मरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के 34 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को न केवल मानसिक रूप से सशक्त बनाना है, बल्कि उन्हें शारीरिक रूप से भी इतना सक्षम बनाना है कि वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अपनी रक्षा कर सकें।
इस मौके पर डीआईओएस पूरन सिंह ने बताया कि यह पहल न केवल छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास से भरपूर भी बनाएगी। समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह प्रयास एक मिसाल बन सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत मार्शल आर्ट, जूडो-कराटे, ताइक्वांडो जैसे आत्मरक्षा कौशल सिखाए जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षकों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपद समिति द्वारा किया जाएगा। ऐसे प्रशिक्षक जिनके पास ब्लैक बेल्ट प्रमाणपत्र है और जो ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने के इच्छुक हैं, वे इस योजना का हिस्सा बन सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में प्रतिदिन 40 मिनट का प्रशिक्षण सत्र निर्धारित किया गया है जिसके लिए तीन माह की अवधि में प्रति विद्यालय अधिकतम 15,000 का मानदेय निर्धारित किया गया है। जिला समन्वयक प्रवीन मित्तल के अनुसार इच्छुक प्रशिक्षक 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आवश्यक फार्म वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। महिला प्रशिक्षकों को प्राथमिकता दी जायेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














