महिला सिपाही ने फांसी लगाकर दे दी जान, जानिए क्या है मामला | #TejasToday
तेजस टूडे ब्यूरो शिवमंगल अग्रहरि चित्रकूट। मध्य प्रदेश पुलिस की महिला सिपाही ने बीती रात आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नयागांव थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने घटना की सूचना परिजनों को दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सतना जनपद के चित्रकूट नगर में शनिवार की सुबह नयागांव मोहल्ले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब थाना नयागांव में पदस्थ महिला आरक्षक श्रुति सिंह ने अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सुबह, मृतका की बड़ी बहन के उठने पर हुई। मृतका महिला आरक्षक श्रुति सिंह 28 वर्ष पिता गजधर सिंह नयागांव थाने के समीप किराए के मकान में रह रही थी। वह थाना नयागांव चित्रकूट में कम्प्यूटर आपरेटर के पद पर कार्यरत थी। नयागांव थाना कस्बा इंचार्ज इस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना होने पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की गयी। प्रथम दृष्टया यह बात सामने आ रही कि वह अपनी किसी बीमारी को लेकर चिंतित थी और तनाव में रहती थी। मृतका की बड़ी बहन भी इसलिए कुछ समय से उसके साथ ही रह रही थी। ऐसा किन परिस्थितियों में हुआ यह जांच की जाएगी। मृतका महिला कांस्टेबल श्रुति सिंह शाहपुर थाना सिरमौर जिला रीवा की मूल निवासी थी। थाना नयागांव में उसे पदस्थ हुए दो वर्ष से अधिक का समय हो चुका था। मृतका अविवाहित थी। घटना की सूचना होने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के सामने शव को उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका अपनी बड़ी बहन ज्योति सिंह (विवाहित) के साथ नयागांव थाने के समीप ही किराये के मकान में रह रही थी। रात्रि में मृतका ने कमरे से बाहर आकर घर के बरामदे में छत में लगे छल्ले में दुपट्टा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लीं। घटना की जानकारी से थाना नयागांव स्टाफ के साथ आसपास मोहल्ले में भी गमगीन माहौल बना रहा।