दलित बस्ती की बिजली सप्लाई कटी, 4 दिनों से अंधेरे में डूबा है गांव
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के पाराकमाल गांव स्थित दलित बस्ती की बिजली आपूर्ति विभाग द्वारा काट दी गई है। इसके चलते चार दिनों से पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार 16 जुलाई को बिजली विभाग की टीम गांव में बकायेदारों की जांच और वसूली के लिए पहुंची थी। इस दौरान बस्ती के लगभग 75 घरों पर बड़े बकाये का आरोप लगाते हुए बिजली सप्लाई को बस्ती के बाहर से जम्पर उड़ा कर पूरी तरह काट दिया गया जिससे पूरी बस्ती की सप्लाई बन्द हो गयी।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के सामूहिक रूप से बिजली काट दी जिससे पीने का पानी, बच्चों की पढ़ाई और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग ने केवल दलित बस्ती को ही निशाना बनाया है जबकि अन्य इलाकों में बकाया होने के बावजूद आपूर्ति जारी है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए जल्द बिजली बहाल करने की मांग किया है।
——इनसेट——
एसडीओ धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि गांव में बिजली का बकाया जमा नहीं हो रहा है। केवल एक घर की बिजली जमा है, इसलिए बिजली काट दी गयी।
जो उपभोक्ता जमा किए हैं, उनकी बिजली सप्लाई चालू है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














