डीएम के सख्त रूख से हिला खनन माफिया, डिप्टी कलेक्टर का चला हंटर

  • डीएम के सख्त रूख से हिला खनन माफिया, डिप्टी कलेक्टर का चला हंटर

तेजस टूडे ब्यूरो
शिवमंगल गुप्ता
चित्रकूट। जिले में अवैध खनन और लोकेशन गैंगों पर अब जिला प्रशासन का हंटर चल गया है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के सख्त निर्देश और मार्गदर्शन में अवैध खनन के खिलाफ चल रही मुहिम ने माफियाओं की कमर तोड़ दी है। शुक्रवार को ग्राम दरसेडा में अवैध खनन की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान टीम को एक संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो दिखाई दी जो लगातार टीम का पीछा कर रही थी और टीम की लोकेशन पर नजर रख रही थी। शक होने पर टीम ने वाहन को रोका और तलाशी ली। वाहन में मौजूद व्यक्तियों के मोबाइल की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। एक नंबर पर लगभग एक घंटे से लगातार बातचीत हो रही थी। आशंका है कि इसी के जरिए ट्रैक्टर चालक को टीम की पल-पल की लोकेशन भेजी जा रही थी, ताकि अवैध खनन करने वाले पहले ही भाग सकें। टीम ने तत्काल वाहन और दोनों व्यक्तियों को थाना सरधुवा के सुपुर्द किया जहां प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
पकड़े गये लोगों में अजय सिंह पुत्र सोमराज सिंह एवं सिद्धार्थ गुप्ता पुत्र किशोरी लाल गुप्ता निवासी लोहरा, थाना कमासिन, जनपद बाँदा हैं। डीएम के मार्गदर्शन में चित्रकूट जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन और लोकेशन गैंगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अब सवाल यह है कि इस लोकेशन गैंग के तार कहां-कहां जुड़े हैं? जांच के बाद कई और बड़े नामों के खुलासे की संभावना लगातार बढ़ती जा रही है।