हापुड़ में साइबर ठगों ने तीन युवकों को बनाया निशाना
अनिल कश्यप
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। बैंक खातों में जमा रकम निकालने का सिलसिला थम नही रहा। बहादुरगढ़ क्षेत्र के तीन लोगों के बैंक खातों से हजारों रुपये की रकम निकाल ली गई जिन्होंने बहादुरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर निवासी अनुज कुमार ने थाने में तहरीर दी है।

जिसने बताया कि उसका बचत खाता पीएनबी की भैना शाखा में है। 28 फरवरी की रात करीब सवा नौ बजे उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। जिसके बाद 1 मार्च की शाम साढ़े पांच बजे दोबारा उसके खाते से 4300 रुपये निकाले गये जबकि न वह बैंक गया और न ही किसी एटीएम से पैसे निकाले। बैंक शाखा पहुंचकर जानकारी की गई तो पता चला कि एईपीएस(आधार कार्ड पर अंगूठा लगाकर) के जरिए उसके खाते से नकदी निकाली गई है। वहीं गांव नेकनामपुर नानई निवासी कुलदीप कुमार ने भी तहरीर दी है जिसने बताया कि इसी तरह उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाले गए हैं।
साथ ही नवीन कुमार ने बताया कि गढ़ नगर में स्थित एक बैंक शाखा में उसका खाता है। उसके खाते से भी 10 हजार साइबर ठगों ने निकाल लिए। पैसे निकाले जाने की जानकारी मोबाइल पर मैसेज आने के बाद हुई। बहादुरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुमन सिंह ने बताया कि तीनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर ठगों की तलाश की सुरागरसी की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













