करंट से मासूम की हुई मौत, परिवार का बुझा इकलौता चिराग
तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। जनपद के सुरसा थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय मासूम आरव यादव की जान चली गई। बिजली के करंट की चपेट में आने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार नेवादा निवासी ज्ञानेंद्र यादव का चार वर्षीय बेटा आरव पड़ोस में स्थित अपनी मौसी की छत पर गया था। इसी दौरान छत से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि आरव अपने माता-पिता के साथ लखनऊ में रहकर पढ़ाई करता था। घटना के समय माता-पिता लखनऊ में ही थे। दो दिन पहले ही वह अपने चाचा सच्चिदानंद के साथ गांव आया था। आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार के इकलौते चिराग के बुझने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की असमय मौत से गांव में हर आंख नम है।











