पुलिस आयुक्त के आदेश पर पति समेत 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद पुलिस ने नहीं सुनी पीड़िता की फरियाद
निलेश त्रिपाठी
मिर्जामुराद, वाराणसी। मिशन शक्ति से महिला सशक्तिकरण नारी सुरक्षा नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन की बात करने वाली उत्तर प्रदेश की सरकार महिला संग होने वाले अपराध को जीरो टॉलरेंस के साथ निपटने की तमाम आदेश समय दर समय देती रहती हैं। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में महिला एवं बच्चियों संबंधी अपराध आईपीसी की धारा 376, महिला उत्पीड़न और पॉक्सो एक्ट को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें पुलिस अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इन अपराधों पर लगाम लगाने के साथ दर्ज मामलों में कम से कम समय में आरोपियों को सजा दिलाने की बात कही लेकिन धरातल स्तर पर आदेशों का असर कम जान पड़ता है।
मामला मिर्जामुराद थाने से जुडा है जहां एक महिला ने दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए थाने के कई चक्कर काटे लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकी। उसने इस संदर्भ में कईयों प्रार्थना पत्र मिर्जामुराद थाने पर दिया लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। अंत में महिला ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। ठठरा गांव निवासी सुरेश कुमार की पुत्री ने अपने ससुराल के लोगों के ऊपर दहेज के लिए गाली गलौज व जान से मारने की धमकी, बदतमीजी करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता अंजू देवी ने पुलिस आयुक्त वाराणसी के समक्ष लिखित तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह लगभग 7 वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज के अवधेश कुमार निवासी जगरनाथपुर थाना चौरी भदोही के साथ हुआ। कुछ माह बीत जाने के बाद दहेज के लिए ससुराल वालों द्वारा शारीरिक व मानसिक रूप से उत्पीड़न किया जाने लगा। सास, ससुर, पति और देवर द्वारा ताना दिया जाने लगा कि तुम्हारे मायके वालों ने शादी में मन मुताबिक दहेज दान नहीं दिया है। तुम बदसूरत हो, मायके वालों से 3 लाख रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल दिलाओ। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके देवर की उसके प्रति नियत सही नहीं थी।
वह अक्सर उसके साथ बदतमीजी करता था। विरोध करने पर जान से मारने की भी धमकी देता था।
इसी वर्ष जनवरी माह के 22 तारीख को ससुराल पक्ष के लोगों ने पीड़िता का कपड़ा व जेवरात लेकर उसके बच्चों समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया। तब से पीड़िता अपने मायके में रहने लगी। मई महीने में पीड़िता के ससुराल पक्ष के लोग पीड़िता के मायके पहुंच मायके पक्ष के लोगों को गाली गलौज देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुये दहेज की मांग किये। इस संदर्भ में पीड़िता ने कई बार लिखित शिकायत मिर्जामुराद पुलिस को दी लेकिन मिर्जामुराद पुलिस कोई कार्यवाही नहीं की।
मिर्ज़ामुराद पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की स्थिति में उत्पीड़न से थक हार कर पीड़िता ने अपनी व्यथा पुलिस आयुक्त वाराणसी के समक्ष तहरीर के माध्यम से बताया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने मिर्जामुराद पुलिस को प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना से कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया।
इधर मिर्जामुराद पुलिस बुधवार की देर रात को तहरीर के आधार पर पति अवधेश, सास सोखना देवी, ससुर प्यारेलाल व देवर अखिलेश के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए, 504, 506, 354 व दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












