सार्वजनिक रास्ते पर दबंगों ने बनायी दीवाल, बढ़ा तनाव
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम कोडरा गांव के मुख्य मार्ग पर दबंगों ने दिवाल बनाकर रास्ता अवरूद्ध कर दिया है। बचे जगह पर पशु बांधकर जबरिया कब्जा कर रहे हैं जिससे ग्रामीणों को गांव से बाहर आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विरोध करने पर दबंगों द्वारा मारने पीटने और जान माल की धमकी दी जा रही है। इसको लेकर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है।
इसकी लिखित शिकायत महुली पुलिस को सोमवार को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं।
थाने पर दी गई तहरीर में महुली थाना के ग्राम कोडरा निवासी हेमंत कुमार पुत्र राम सिंह ने लिखा है कि गांव में आने—जाने के लिए एक ही मुख्य सड़क ग्राम पंचायत द्वारा बनाई गई है जिस पर इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया गया लेकिन गांव के ही कुछ लोग दबंगई से सड़क पर दीवार बनाकर खड़ा कर दिए हैं। बचे रास्ते पर नादा गाडकर पशु खिला रहे हैं जिससे लोगों को आने—जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। इसकी शिकायत पिछले 2 वर्ष से पुलिस व तहसील प्रशासन को दी जा रही है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई जिससे दबंगों का हौसला बुलंद है। अवरूद्ध रास्ते को लेकर गांव में लोगों के बीच तनाव बना हुआ है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष महुली हरीश तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी है। मौके पर फोर्स भेजकर मामले से अवगत होने के बाद राजस्व कर्मियों के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











