लखनऊ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, ईरानी टप्पेबाज गिरफ्तार
अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। पिछले छह महीने से लखनऊ पुलिस के लिए सिरदर्द बने ईरानी गैंग के दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की ज्वाइंट टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर सीनियर सिटीजन से टप्पेबाजी करते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र ठाणे निवासी अली मिर्जा दरवेश (42) और जान हुसैन सैय्यद (43) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लाखों के जेवरात, 50 हजार कैश, एक बाइक और तीन मोबाइल बरामद हुआ है।
छह महीने से एक्टिव था गैंग
ज्वाइंट कमिश्नर आकाश कुलहरि ने बताया कि पिछले छह महीने शहर के अलग-अलग थानों में सीनियर सीटिजंस से टप्पेबाजी करने का लगातार मामला सामने आ रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ईरानी गैंग के हैं और खुद को पुलिसकर्मी बताकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं जिसके बाद एक टीम गठित की गई। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली दो आरोपी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं जिसके बाद टीम ने सर्वोदय नगर बंधा चौराहे के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पिछले कई महीने से लखनऊ पुलिस को इन आरोपियों की तलाश थी।
31 वारदातों का दिया अंजाम
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस गैंग के आरोपियों ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों मे 31 वारदातों को अंजाम दिया है। ये आरोपी गोमतीनगर, गाजीपुर, अलीगंज, माडिय़ाव, ठाकुरगंज, महानगर, विभूति खंड, बीबीडी, हजरतगंज, आलमबाग, हुसैनगंज, कृष्णानगर, पीजीआई, तालकटोरा और आशियाना इलाके में सीनियर सिटीजंस को निशाना बनाया है।
ऐसे देते थे वारदात का अंजाम
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह अकेली जा रही महिलाओं को रोकते थे। इसके बाद एक आरोपी महिला के पास जाकर खुद को पुलिसकर्मी बताता था। कहता था कि आगे हत्या हुई है। पुलिस चेकिंग चल रही है। माता जी आप जेवर पहनकर आगे मत जानिए। इसके बाद आरोपी महिला को दूसरे साथी के पास ले जाकर कहता था कि यह पुलिस अधिकारी है. इसके बाद महिला को एक कागज देकर कहा जाता था कि आप जेवर इसमें रखकर अपने घर ले जाइये। जैसे ही महिला जेवर उतरकर कागज की पुडिय़ा में रखती थी तभी आरोपी इस पुडिय़ा को बदल देते थे। इसमें छोटे पत्थर और मिट्टी होती थी।
थमेंगी घटनाएं बड़ा सवाल?
ईरानी गैंग के आरोपियों की गिरफ्तारी तो हो गई हैं लेकिन बड़ा सवाल है कि क्या शहर में टप्पेबाजी थम जाएगी या फिर आगे भी लगातार वारदातों को अंजाम दिया जाएगा। हालांकि जेसीपी क्राइम आकाश कुलहरि का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। अगर अन्य साथियों का नाम सामने आया तो जल्द ही उन सभी गिरफ्तारी की जाएगी। बता दें कि टीम को शाबाशी देते हुए 25 हजार रुपये के इनाम देने की घोषणा की गई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













