ऑटो बेकाबू होकर पलटी, युवक की हुई मौत, चालक जख्मी
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी सैनी
उन्नाव। औरास थाना क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे स्थित जाहिदपुर गांव के पास मंगलवार देर शाम ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत और चालक जख्मी हो गया। घायल चालक को गंभीर हालत में सीएचसी डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के मतलबपुर उर्फ सुक्खाखेड़ा गांव निवासी शैलेष सिंह 35 पुत्र असेशर बख्श अपने साथी सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र के खनोटा गांव निवासी बड़कऊ (45) पुत्र फकीरे के साथ मंगलवार सुबह अपने घर का सामान लेकर ऑटो से आ रहा था। देर शाम को लखनऊ लौटते समय हरदोई थाना कासिमपुर क्षेत्र के जाहिदपुर गांव के पास स्थित आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने दोनों घायल को एम्बुलेंस से सीएचसी औरास पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने शैलेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक बड़कऊ को प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।













