मन्दिर जा रहे पिता, बेटी एवं बहू को रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप
बेटी एवं बहू को खेतों की ओर खींचने का आरोप
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। जालौन क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर कुदारी निवासी एक व्यक्ति ने चार लोगों पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी जालौन को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग किया है।
शिकायती पत्र के अनुसार मुकेश सिंह सेंगर पुत्र महेंद्र सिंह 24 नवंबर को अपनी लगभग 16 वर्षीय पुत्री सोनाली और बहू वंदना सिंह को मोटरसाइकिल से उमसेन मंदिर लेकर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे शेखपुर बुजुर्ग निवासी कल्लू सिंह, नीरज सिंह, अर्जुन सिंह और सतनाम सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर चारों लोग एकराय होकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान नीरज सिंह द्वारा उनकी पुत्री और बहू वंदना सिंह का हाथ पकड़कर खेतों की ओर खींचने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित और उसकी बहू के साथ मारपीट किया।
शोर सुनकर आस—पास खेतों में काम कर रहे किसान तथा संदीप सिंह सेंगर और राज सेंगर मौके पर पहुंचे। उनके ललकारने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें खेती न करने देने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। अब क्षेत्राधिकारी जालौन को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।











