अन्नदाताओं को आर्थिक सम्बल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। मुख्यमंत्री द्वारा फसल क्षति से प्रभावित किसानों को 493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि भेजे गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का जनपद बलरामपुर में हुआ सजीव प्रसारण, कलेक्ट्रेट सहित तीनों तहसीलों में कार्यक्रम हुये। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन एवं विधायक बलरामपुर के प्रतिनिधि द्वारा फसल क्षति से प्रभावित कृषकों को कृषि निवेश अनुदान राशि का किया गया वितरण। बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से प्रभावित कृषकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ कार्यक्रम।
कृषकों एवं अधिकारियों ने सुना मुख्यमंत्री का वर्चुअल सम्बोधन
प्रदेश के अन्नदाताओं को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को हुई क्षति से प्रभावित कृषकों को राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा आज जनपद गोरखपुर से प्रदेश के 9 लाख से अधिक कृषकों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि का अंतरण किया गया। इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार सहित जनपद की तीनों तहसीलों बलरामपुर सदर, तुलसीपुर एवं उतरौला में कार्यक्रम हुआ। सभी कार्यक्रम स्थलों पर मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कृषक बंधुओं द्वारा मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना गया।
जिलाधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि ने कृषकों को वितरित की कृषि निवेश अनुदान राशि
जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ विपिन जैन एवं विधायक बलरामपुर पल्टू राम के प्रतिनिधि द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिलाधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि द्वारा बाढ़, अतिवृष्टि सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति से प्रभावित कृषक बंधुओं को कृषि निवेश अनुदान राशि का वितरण किया गया तथा लाभार्थी कृषकों को अनुदान संबंधी स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित कृषक बंधुओं को शासन द्वारा संचालित कृषि निवेश अनुदान योजना के उद्देश्य एवं प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई।













