HomeTrendingउज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को सरकार का तोहफा

उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को सरकार का तोहफा

  • उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को सरकार का तोहफा

  • एमएलसी रमा निरंजन ने योजना का किया शुभारम्भ

  • 2.18 लाख परिवारों को मिलेगी गैस सिलेंडर की सौगात

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। दीपावली पर्व पर उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं के घरों में खुशियों का उजाला बिखेरने के लिए प्रदेश सरकार ने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान शुरू किया। जनपद में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन ने किया। इस दौरान लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम एवं उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमा निरंजन ने कहा कि त्योहार पर उज्ज्वला लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर का लाभ मिलना सरकार की संवेदनशीलता और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन मिले और उनके जीवन में खुशहाली आए। जनपद में उज्ज्वला योजना के कुल 2,18,254 लाभार्थी पंजीकृत हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक रिफिल पर 335.40 रुपये केंद्र सरकार तथा 648.55 रुपये प्रदेश सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। इस प्रकार 983.45 रुपये के सिलेंडर की पूरी धनराशि सब्सिडी के माध्यम से लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने बताया कि लाभार्थियों को पहले उपभोक्ता मूल्य पर सिलेंडर रिफिल कराना होगा जिसके बाद सब्सिडी की राशि आधार-प्रमाणित बैंक खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने लाभार्थियों से बैंक खाते को आधार से लिंक कराने और गैस एजेंसी पर आधार प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने की अपील किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, जिलापूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक, संबंधित अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

 

 

 

Must Read