जल शक्ति मंत्री ने आंगनवाड़ी केन्द्र का किया उद्घाटन
जल शक्ति मंत्री ने आंगनवाड़ी केन्द्र का किया उद्घाटन
मिर्जामुराद, वाराणसी। स्थानीय क्षेत्र के प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर में शुक्रवार की दोपहर उत्तर प्रदेश सरकार में जल शक्ति मंत्री व वाराणसी मंडल के प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह, व मंत्री संजीव गौड़ का आगमन हुआ। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पटेल ने आंगनवाड़ी केंद्र नागेपुर का उद्घाटन किया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर स्थित डा. भीमराव रामजी अंबेडकर की मूर्ति पर मंत्री जी ने माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
तत्पश्चात् उपस्थित गांव की महिलाओं से संवाद कर उनका कुशल क्षेम पूछा। संवाद के दौरान मंत्री जी के सामने ग्रामीणो की तरफ से स्वास्थ्य सम्बंधित सुविधाओं का मांग रखी गई। उस पर मंत्री जी ने गांव के लोगों को आश्वासन देते हुए इस दिशा में काम करवाने की बात कही। मंत्री जी ने लोगों से स्वास्थ्य को लेकर कहा कि सभी लोग सुबह योगा जरूर करें। योग से शरीर चुस्त-दुरुस्त एवं फुर्तीला रहता है। योग करने से बीमारियां भी कोसों दूर रहती है। संवाद के बाद दोनों मंत्रीगण अपने अगले पड़ाव के लिए निकल पड़े। नागेपुर में कार्यक्रम के दौरान मंत्रियों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिंद, मंडल महामंत्री सत्येंद्र सिंह प्रेम, देवेंद्र सेठ, उपेंद्र सिंह, नन्द लाल मास्टर के साथ तमाम भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।