रोम-रोम भक्तिमय और प्रफुल्लित हुआ मन: मुख्यमंत्री पुष्कर
रोम-रोम भक्तिमय और प्रफुल्लित हुआ मन: मुख्यमंत्री पुष्कर
धामी सरकार ने अयोध्या में किये रामलला के दर्शन
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में अपने सहयोगियों सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, डॉ धन सिंह रावत, रेखा आर्य एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वे श्री अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में पहुंचे पर मुख्यमंत्री श्री धामी और उनके सहयोगियों का भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर महामंत्री शीलेंद्र कोरी ने मुख्यमंत्री सहित सभी आगंतुकों का स्वागत किया। यहां से वह राम जन्मभूमि के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री एवं उनके सहयोगी श्री अयोध्या धाम में प्रभु राम को साष्टांग नमन कर पूजा अर्चना की। प्रभु श्रीराम लला के दर्शन के समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी दिनेंद्र दास, विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र पंकज साथ रहे।
दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भावुक हो गये जिन्होंने कहा कि श्री रामलला के दर्शन से रोम-रोम भक्तिमय और मन प्रफुल्लित है। रामलला को कई वर्षों तक टेंट में रहना पड़ा। आज भव्य मंदिर में रामलाला के दर्शन किए। मैं भाव विह्वल हूं और प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में उत्तराखंड वासियों के लिए उत्तराखंड सरकार राज्य अतिथि गृह बनाने की तैयारी कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले श्रीराम भक्तों को इस राज्य अतिथि गृह में सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। रामलला के लिए मुख्यमंत्री उपहार लेकर आए जिनको प्रभु के चरणों में समर्पित किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।