रांची एयरपोर्ट को बम से उड़ाने व 20 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में 3 गिरफ्तार
963139
रांची एयरपोर्ट को बम से उड़ाने व 20 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में 3 गिरफ्तार
नीरज कुमार रांची (झारखण्ड)। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। रांची पुलिस ने बिहार के नालंदा जिले के स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों को सिलाव थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के नालंदा जिला के पावापुरी ओपी क्षेत्र के इसुआ गांव निवासी निर्माण कुमार उर्फ मारुति, सिलाव के नानंद गांव निवासी पप्पू कुमार उर्फ कुड़ी और कुल गांव निवासी राधे कुमार शामिल हैं। निर्माण कुमार को धमकी देने और दो अन्य को फर्जी सिम उपलब्ध कराने में गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से घटना में प्रयोग हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी से मांग रहा था 20 लाख रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बुधवार को बताया कि 28 जुलाई को मोबाइल नंबर 8584892151 से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची के टर्मिनल प्रबंधक के सरकारी मोबाइल नम्बर पर फोन एवं मैसेज कर बिरसा मुंडा हवाई अड्डा को उड़ा देने का धमकी देते हुये 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था। इसी मोबाइल नंबर से 29 जुलाई एवं एक अगस्त को भी फिर से धमकी दी गयी थी। एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया था। सिटी डीएसपी रांची के निर्देशन में छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों को जिला नालंदा से गिरफ्तार किया गया। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में तीनों ने अपनी घटना में संलिप्तता स्वीकार की हैं। गिरफ्तारी से बचने को भाग गया था वाराणसी पुलिस सूत्रों के अनुसार सिम उपलब्ध कराने का आरोपी पप्पू कुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए वाराणसी भाग गया था। रांची पुलिस की विशेष टीम जब वाराणसी पहुंची तो बदमाश नालंदा लौट आया जिसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पकड़ा गया। पप्पू नशेड़ी है। उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इसी कारण उसके कहने पर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपए की मांग उसके दोस्तों ने की। रीतेश पाण्डेय के नाम से था सिम धमकी देने के बाद से ही रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। काल व मैसेज कर 3 बार धमकी दी गयी थी। धमकी देने में जिस सिम का इस्तेमाल हुआ था, वह नालंदा के रीतेश पांडेय के नाम से था। जांच के बाद में पता चला कि फर्जी सिम का इस्तेमाल कर धमकी दी गयी थी। कब-कब धमकी मिली 28 जुलाई 2022 को बिहार के नालंदा जिले से किसी व्यक्ति ने फोन कर रांची एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी थी। हालांकि उस समय जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते को कुछ भी नहीं मिला था। वैसे इस धमकी के बाद एयरपोर्ट परिसर में मौजूद यात्री घबरा गये थे। इस घटना को लेकर एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पहली धमकी के 24 घंटे के भीतर यानी 29 जुलाई 2022 को दोबारा धमकी दी गई। इस बार रंगदारी तक की मांग कर दी गई। पुलिस उस नंबर को खंगालने में जुटी थी। हालांकि उसतक कुछ पता नहीं कर चल पाया था। 01 अगस्त 2022 को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस बार भी एयरपोर्ट के एक अधिकारी के नंबर पर टेक्स्ट मैसेज से धमकी भेजी गई। मैसेज में लिखा गया है कि यदि 20 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह एयरपोर्ट को बम से उड़ा देगा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने फिर से इसकी भी सूचना पुलिस को दे दी। छापेमारी टीम बनाकर की गयी त्वरित कार्यवाही रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया था। सिटी डीएसपी रांची के निर्देशन में छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों को जिला नालंदा से गिरफ्तार किया गया। छापेमारी टीम में साइबर डीएसपी यशोधरा, एयरपोर्ट थाना प्रभारी आनंद सिंह, श्रीकांत कुमार, राधा कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।