आयोग की परीक्षा में 23992 परीक्षार्थी दो पालियों में 51 केन्द्रों पर देंगे परीक्षा
तेजस टूडे ब्यूरो
जितेन्द्र सिंह चौधरी/अतुल राय
वाराणसी। संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली द्वारा आयोजित रविवार को होने वाली प्रि-एक्जामिनेशन- 2025 परीक्षा में 23992 परीक्षार्थी 51 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में परीक्षा देंगे। उक्त जानकारी अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर आलोक वर्मा ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में केन्द्र प्रभारी और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक में दी।
उन्होंने आगे बताया कि नई दिल्ली से प्राप्त प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के शील्ड बैग्स जनपद में प्राप्त होने पर उसे कोषागार कार्यालय के डबल लॉक में रखवाए जाने एवं परीक्षा दिवस 25 मई रविवार को कोषागार कार्यालय के डबल लाक से प्राप्त कर परीक्षा केन्द्रों के लिए तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेटगण को हस्तगत कराये जाने हेतु अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय करमवीर को नामित किया गया है। नकलविहीन परीक्षा के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 51 निरीक्षण अधिकारियों की तैनाती की गई है। शान्तिपूर्ण परीक्षा आयोजित कराने हेतु क्षेत्रीय थानों की व पीएसी पुलिस की चौकस व्यवस्था की गयी है। श्री वर्मा ने बताया कि नकल पर निगरानी हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहकर पर्यवेक्षक से समन्वय बनाये रखेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर आवागमन के मार्गों तथा विशेष परिस्थितियों हेतु वैकल्पिक मार्गों की जानकारी कर लेंगे।
प्रश्न पत्रों के गोपनीय पैकेट्स परीक्षा आरंभ होने के समय से एक घंटा 30 मिनट पूर्व पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा भवन में कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, अन्य संचार सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आईटी गजेट्स आदि लेकर प्रवेश करना वर्जित रहेगा। परीक्षा के दौरान केंद्र के आस—पास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में फोटो स्टेट की सभी दुकानें परीक्षा अवधि तक बंद रहेंगी। स्थानीय निरीक्षण अधिकारी अपने परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा शुरू होने से समाप्ति तक केन्द्र पर उपस्थित रहकर प्रश्न पत्रों के गोपनीय पैकेट्स अपनी देखरेख में खुलवायेंगे। परीक्षा की समाप्ति तक किसी भी अभ्यर्थी को केन्द्र से बाहर जाना प्रतिबंधित रहेगा। सभी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से आधा घण्टा पूर्व केन्द्र पर पहुंचने का प्रयास करेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर आलोक वर्मा के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






