लालगंज में हुआ युवा मिलन सम्मेलन
बैठक में युवाओं को सही दिशा देने का लिया गया संकल्प

तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। लालगंज में युवा मिलन सम्मेलन एवं बैठक का आयोजन हुआ। ऋग्वेद सनातनी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। बैठक में युवाओं को सही दिशा देने, सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋग्वेद सनातनी ने कहा कि युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक नेतृत्व देना ही इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है। आज के समय में युवाओं को भटकने के बजाय शिक्षा, समाजसेवा और रचनात्मक कार्यों में अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक वह लालगंज में रहेंगे तब तक युवाओं के हित में इस तरह के संवाद, सम्मेलन और बैठकें आयोजित करते रहेंगे। उनका प्रयास है कि प्रत्येक युवा अपने लक्ष्य को पहचाने, नेतृत्व करने की क्षमता विकसित करे और किसी के बहकावे में आए बिना अपने भविष्य का निर्माण करे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय युवा मंच के अध्यक्ष राहुल शुक्ला के साथ अजय कुमार, संजय, राजेंद्र प्रसाद, संतोष कुमार, लखन सहित युवा टीम के सदस्य मौजूद रहे। अंत में युवाओं ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा सकारात्मक दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया।







