रेलवे सुरक्षा विशेष बल/दक्षिण मध्य रेलवे की 7वीं बटालियन ने मनाया 65वां स्थापना दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
परबत सोलंकी
हैदराबाद। हैदराबाद स्थित रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF)/दक्षिण मध्य रेलवे की 7वीं बटालियन ने 13 नवंबर को बल का 65वां स्थापना दिवस मनाया। भारतीय रेलवे के प्रति बटालियन की विशिष्ट सेवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व 7वीं बटालियन, RPSF, मौला-अली के कमांडिंग ऑफिसर अनिल पांडेय ने किया। यह अवसर बल के मिशन और विजन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान संस्थागत मूल्यों को दोहराने, पूर्व एवं वर्तमान कर्मियों के समर्पण और बलिदान को सम्मान देने तथा आपसी एकता एवं अपनत्व की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। स्थापना दिवस पर 7वीं बटालियन RPSF द्वारा मौला-अली में विभिन्न कार्यक्रम किये गये। इनमें ईस्ट आनंदबाग मेन रोड पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया जिसका उद्देश्य एकजुटता और फिटनेस को बढ़ावा देना था। इसके अलावा यूनिट परिसर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित करके पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया गया। जवानों के बीच आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बल के मनोबल और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरक्षा सम्मेलन (Suraksha Sammelan) का आयोजन हुआ। स्थापना दिवस समारोह का समापन सम्मान समारोह एवं बरखाना के साथ हुआ जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवारत अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।







