छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं राहवीर योजना के प्रति किया गया जागरूक

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सेंट नॉर्बर्ट्स स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम करके छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्हें सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने, सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने, निर्धारित आयु पूर्ण होने पर ही वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने तथा अपने परिजनों सहित आस—पास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को राहवीर योजना के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय से सहायता कर उसे अस्पताल पहुंचाना किसी का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नेक व्यक्तियों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से संरक्षण प्रदान करने व पात्र सहायता प्रदाता को पुरस्कृत करने के उद्देश्य से राहवीर योजना संचालित है। यातायात पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और बहुमूल्य जीवन की रक्षा हो सके।







