मुआवजे की मांग को लेकर 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, घण्टों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र के त्यौरासी गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक अपनी मांगों को लेकर करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब 3 घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार त्यौरासी गांव निवासी राहुल (25) 25 मई को हुई एक घटना से आहत था। आरोप है कि उसके पाटीदार ने उसका छप्पर जला दिया था जिससे घर में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद भी उसे न तो कोई आर्थिक सहायता मिली और न ही नुकसान की भरपाई हुई। इसी से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। बताया जाता है कि राहुल की मां का पहले ही निधन हो चुका है जबकि उसके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। ऐसे में घर का सामान जल जाने के बाद उसके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। बीते मंगलवार को राहुल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद कार्रवाई न होने की आशंका से परेशान राहुल शाम को गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
जानकारी मिलते ही परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी और कर्नलगंज क्षेत्राधिकारी ने युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में क्षेत्राधिकारी ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से बातचीत की और निष्पक्ष जांच के साथ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद राहुल ने प्रशासन पर विश्वास जताते हुए सुरक्षित नीचे उतरने का निर्णय लिया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ लगी रही और हर कोई युवक की सलामती की दुआ करता नजर आया। पुलिस का कहना है कि युवक की शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय और उचित सहायता दिलाने की मांग की है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



