महिलायें विकास के लिये एक महत्वपूर्ण कड़ी: रानी गुप्ता
महिलायें विकास के लिये एक महत्वपूर्ण कड़ी: रानी गुप्ता
रंजीत सिंह
जालौन। महिला चौकी में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारी और महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं महिला कल्याण टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में महिला चौकी प्रभारी रानी गुप्ता ने कहा कि महिलाएं विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
वह अपने अधिकारों को नहीं जानती हैं और प्रताडऩा का शिकार होती रहती हैं। इस कार्यक्रम को आयोजित किए जाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है जिससे वे समाज की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में अपने आप को शामिल पाएं। महिला रिसोर्स पर्सन साधना त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध के संबंध में प्रावधान, प्रसव पूर्व और प्रसव धारण पूर्व निवारक तकनीक, लिंग चयन अधिनियम, महिला बंदियों के अधिकार, विवाह पंजीयन आदि से संबंधित जानकारी दी।
विधि परिवीक्षा अधिकारी संध्या झा ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए विधिक रूप से जागरूक होना जरूरी है। विधिक अज्ञानता के कारण अक्सर महिलाएं अपने अधिकारों से वंचित हो जाती हैं। महिलाओं को पुरुषों के समान पारिश्रमिक प्राप्त करने, लैंगिक समानता, संपत्ति में बराबरी का अधिकार, मताधिकार, कामकाजी महिलाओं को मातृत्व संबंधी लाभ का अधिकार और कार्यस्थल पर छेड़छाड़ अथवा यौन उत्पीड़न से संरक्षण जैसे कानूनी अधिकार प्राप्त हैं इसलिए आवश्यकता पड़ने पर अपने इन अधिकारों का उपयोग करना चाहिए। इस मौके पर अलकमा, पूजा राजपूत, सिंकी भास्कर, निकिता, प्रीति, मेघा आदि मौजूद रही।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।