दावत-ए-वलीमा के दौरान जमकर हुई मारपीट, लात-घूंसे और ईंटें चले, 3 घायल
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। चौथी की रस्म में शामिल होने पहुंचे रिश्तेदारों के बीच कहासुनी ने लिया हिंसक रूप। देर रात मची अफरा-तफरी। नगर क्षेत्र के बलदेव पैलेस में देर रात आयोजित दावत-ए-वलीमा के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब रिश्तेदारों के बीच हुई कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और ईंटों से भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार थाना कदौरा क्षेत्र के ग्राम लहारा से कुछ रिश्तेदार जालौन नगर के बलदेव पैलेस में चौथी की रस्म में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में करीब तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। समारोह स्थल पर अचानक हुए हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद घायलों और विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस की कार्रवाई और घायलों की स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











