पुलिस लाइन में हुआ ‘बड़ा खाना’ का भव्य आयोजन
जिला जज, डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने भोजन परोसकर जवानों का बढ़ाया उत्साह

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन में कंप्यूटर ऑपरेटर कोर्स के प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से भव्य ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश सिंह, जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की उपस्थिति रही। इस दौरान अधिकारियों ने बेहद आत्मीयता एवं सहजता से स्वयं प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा। अधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचकर उन्हें अपने हाथों से भोजन परोसना तथा उनके साथ भोजन करना और उनसे सहज और आत्मीय संवाद स्थापित करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस आत्मीय पहल से प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों में उत्साह, अपनत्व एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण, कार्यक्षमता एवं भविष्य की जिम्मेदारियों के संबंध में विचार साझा किया। साथ ही कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज एवं आमजन के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ करना चाहिए। प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं कंप्यूटर संबंधी दक्षताओं को आत्मसात कर पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भविष्य में अपने कार्यों एवं व्यवहार से पुलिस विभाग की गरिमा बढ़ाने, आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं पारिवारिक रहा तथा पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द, सम्मान, आत्मीयता एवं टीम भावना को प्रगाढ़ करने के साथ ही प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने और पूर्ण समर्पण के साथ जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त थाना, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







