माधोटांडा के दो इलाकों में बाघ की दहशत, वन विभाग एवं पुलिस सतर्क

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की खबरों से लोगों में डर का माहौल है। नवदिया सुखदास के पास न्यू इंडेन पेट्रोल पंप के नजदीक हाईवे किनारे, परी इंस्टीट्यूट के समीप गन्ने के खेत में बाघ द्वारा एक जानवर पर हमला करने की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि हमला करने के बाद बाघ जानवर को खींचकर गन्ने के खेत के भीतर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल और जमुनिया खास चौकी प्रभारी रियाज हैदर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खेत में जानवर को घसीटने के निशान और खून के धब्बे मिले हैं।
इसी दौरान पिपरिया संतोष गांव में भी बाघ देखे जाने की चर्चा से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में काम करने वाले किसानों और हाईवे से आने-जाने वाले लोगों में सतर्कता देखी जा रही है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, गन्ने के खेतों की ओर अकेले न जाएं और बाघ या किसी अन्य वन्य जीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।







