यूपी के यह बाहुबली पहुंचे सदन, जानिए क्या है मामला, पढ़िए पूरी खबर….
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कई रिकॉर्ड बने। जनता ने इस चुनाव में कई बाहुबलियों को नकार दिया। भदोही की ज्ञानपुर सीट से चुनाव मैदान में उतरे विजय मिश्रा, जौनपुर की मल्हनी सीट से धनंजय सिंह, सुल्तानपुर की इसौली सीट से मोनू सिंह और नौतनवां से अमन मणि सिंह को हार का सामना करना पड़ा। हालांकि कई बाहुबली विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे। इनमें कुंडा से सात बार के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया, गोसाईगंज से अभय सिंह और चंदौली के सैयदराजा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुशील सिंह शामिल हैं। अभय सिंह दूसरी बार विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे हैं। इस बार उन्होंने गोसाईंगंज सीट से जीत हासिल की थी। वह 2012 से 2017 तक विधानसभा सदस्य रहे। 2017 में उन्हें खब्बू तिवारी ने हरा दिया था। एक बार फिर वह विधानसभा पहुुंचने में कामयाब हो गए।इसी तरह सुशील सिंह चौथी बार विधानसभा पहुंचे हैं। उनकी पहचान पूर्वांचल के माफिया बृजेश सिंह के भतीजे के रूप में है। उन्होंने भाजपा के टिकट पर सैयदराजा से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। इससे पहले 2012 में सकलडीहा से जीत हासिल की थी। वर्ष 2007 में बसपा के टिकट पर तत्कालीन धानापुर से जीत हासिल की थी। उधर, इस बार बाहुबली व माफिया मुख्तार अंसारी खुद चुनाव से दूर रहे। पर, उन्होंने बेटे अब्बास अंसारी को सुभासपा के टिकट पर मऊ सदर सीट से चुनाव लड़ाया। अब्बास पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं।



