कलेक्ट्रेट में स्थापित ईवीएम व वीवी पैट प्रदर्शन केन्द्र का निर्वाचन अधिकारी ने किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ई.वी.एम. (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) तथा वी.वी.पैट हेतु व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम किये जा रहे हैं। मतदाताओं को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन एवं इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन द्वारा मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद में अवस्थित सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ई.वी.एम. व वी.वी. पैट प्रदर्शन केन्द्र सथापित किये गये हैं। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में स्थापित किये गये ई.वी.एम. व वी.वी. पैट प्रदर्शन केन्द्र का जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पाण्डेय ने शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत, अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने प्रदर्शन केन्द्र पर तैनात कार्मिकों को निर्देश दिया कि प्रदर्शन केन्द्र में आने नागरिकों को मतदान की प्रक्रिया के साथ-साथ ईवीएम की पारदर्शिता के सम्बन्ध में भी जागरूक किया जाय। डीएम द्वारा जनपदवासियों विशेषकर 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवा वर्ग तथा प्रथमबार मतदान में प्रतिभाग करने जा रहे मतदाताओं से अपील की है कि जनपद में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केन्द्रों पर पहुंचकर ईवीएम से मतदान करने मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर लें ताकि मतउान दिवस में उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस पूरी कवायद का मकसद सभी मतदाताओं विशेषकर युवा वर्ग जो पहली बार मतदान प्रक्रिया में शामिल होंगे उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या न हो और पहले से ही ईवीएम तथा ईवीएम की कार्यप्रणाली से परिचित रहें। आयोग के दिशा निर्देशों एवं गाईडलाइन के अनुसार ही मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस कार्य हेतु प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेंत्रों में 10-10 ईवीएम वीवी पैट भेजी गई हैं। मतदाता प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपयोग में लायी जाने वाली मशीनों का नम्बर भी सभी राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराया गया है, ताकि इस बात की जानकारी सभी को रहे कि प्रशिक्षण के दौरान कौन-कौन सी ईवीएम उपयोग में लायी जा रही हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किये गये ई.वी.एम. व वी.वी. पैट प्रदर्शन केन्द्र के माध्यम से जिलाधिकारी के जनता दर्शन में आने वाले फरियादियों को ई.वी.एम. व वी.वी. पैट के प्रयोग के सम्बन्ध में जागरूक किया जा रहा है।







